अयाना। गूंज ततारपुर मार्ग पर बरदौली के पास शनिवार शाम को सड़क किनारे एक बंद बोरी पड़ी मिली। राहगीरों ने बोरी से दुर्गंध उठने पर युवक का शव फेंके जाने की आशंका जाहिर कर पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में बोरी से मवेशी का शव बरामद हुआ है।
जुहीखा-भीखेपुर मार्ग पर शनिवार शाम 6:30 बजे के करीब राहगीरों ने बरदौली के पास सड़क किनारे एक बोरी पड़ी देखी। बोरी से दुर्गंध आने पर लोगों ने युवक की हत्या कर शव बोरी में बंद कर फेंके जाने की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे सीओ अजीतमल एमपी सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह ने बोरी को खुलवाया।
बोरी में मवेशी का शव निकलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रभारी थानाध्यक्ष हरिकेश सिंह ने बताया कि युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बोरी के अंदर मवेशी का शव मिला है। उसके पैर बंधे हुए थे, उसे पॉलिथीन में पैक करने के बाद बोरी में भरा गया था। शाम को कोई किसान मवेशी की मौत होने बोरी में भरकर फेंक गया है। मवेशी के शव को दफन करवाया गया है।