औरैया। शेरगढ़ घाट समीप यमुना नदी पुल पर शनिवार को तीसरे दिन सात नंबर पिलर की खराब बेयरिंग पूरी तरह से निकाल ली गई। वहीं, नई बेयरिंग डालने का काम भी शुरू करा दिया गया। शनिवार को अवर अभियंता ने ठेकेदार की मौजूदगी में स्थिति देखी। बेयरिंग डालने के बाद पैडिस्टल कॉस्टिंग की जाएगी।
यमुना नदी पुल के तीन पिलरों की बेयरिंग खराब है जिन्हें बदला जाना है। इस कड़ी में ठेकेदारों ने सात नंबर पिलर पर पहले चरण का काम शुरू किया है। दो दिन में जहां सात नंबर पिलर की खराब बेयरिंग निकाली गईं। वहीं, शनिवार को यहां पहुंचे पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता ने जायजा लिया। नई बेयरिंग डालने को लेकर क्रेन से लेकर अन्य जरूरी संसाधनों को पुख्ता किया गया। उधर यमुना पुल पार करने के लिए यात्रियों का डेढ़ किमी का पैदल काफी परेशानी भरा रहा।
खासतौर पर महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को परेशानी हुई। कुछ लोग छाता तो कुछ लोग सिर पर बोझा रखकर आते जाते दिखे। दिनभर यह सिलसिला जारी रहा। वहीं, काम कर रहे श्रमिकों की माने तो रविवार को सात नंबर पिलर में नई बेयरिंग डालने का काम काफी हद तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद अन्य पिलरों पर काम किया जाएगा।
-
सिर पर बोझा और डेढ़ किमी का पैदल सफर
जालौन व औरैया के बीच आवागमन यमुना पुल पर काफी दिक्कत खड़े किए हुए हैं। यहां पर वाहनों की आवाजाही पर रोक है। औरैया छोर पर शेरगढ़ घाट को जाने वाले रास्ते के पास ही बेरियर लगा दिया गया है। डेढ़ किमी का पैदल सफर और सिर पर बोझा रखकर लोग एक से दूसरे छोर पर पहुंचे। जहां सवारी वाहन मिले।