फोटो-10एयूआरपी12- बिधूना कोतवाली में व्यापारियों संग बैठक करती पुलिस। स्रोत:पुलिस
बिधूना। जिले में अवैध शराब व अन्य आपराधिक घटनाओं में हुई बढ़ोतरी के मद्देनजर पुलिस ने सराफा व अन्य व्यापारियों को सतर्क रहने की सीख दी है। पुलिस ने उन्हें नकली सोना चांदी को असली बताकर चूना लगाने वालों से सावधान रहने की अपील की है। इसी तरह से सहार थाना में थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने व्यापारियों संग बैठक की। सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी सावधानी बरतने को कहा।
शुक्रवार को कोतवाली परिसर में आहूत हुई बैठक में सीओ पी.पुनीत मिश्रा ने कहा कि सराफा व्यापारी अपने दुकानों पर काम करने वाले कारीगरों व कर्मचारियों का पुलिस से सत्यापन जरूर करवा लें। किसी भी अपरिचित व संदिग्ध महिला समूह के आने पर तत्काल पुलिस को इसकी गुप्त रूप से जानकारी मुहैया कराएं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही अन्य जनपदों की कुछ महिलाएं नकली सोना या चांदी असली बताकर सराफा दुकानों पर बदलने जैसी घटनाओं को अंजाम दे रही हैं। इससे व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। ऐसे में सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने सभी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और कर्मचारी को बिना सत्यापन के काम पर न रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के लिए तत्पर है। ऐसे में उनकी भी जिम्मेदारी है कि वह संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल मुहैया कराएं। (संवाद)
फोटो-10एयूआरपी12- बिधूना कोतवाली में व्यापारियों संग बैठक करती पुलिस। स्रोत:पुलिस