अजीतमल (औरैया)। नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल की करीब आधी से ज्यादा आबादी सरकारी नलों का पानी पीती है, लेकिन दो दिन से नगर पंचायत कार्यालय में स्थित ट्यूबवेल की बोरिंग में आई कमी के चलते नलों में गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। इसके चलते कस्बे के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। नगर पंचायत प्रशासन अभी तक सिर्फ जेई को खबर करने के अलावा इस समस्या से निपटने के लिए कोई कदम नहीं बढ़ाया है।
नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल में नगर को साफ और समय पर पानी सप्लाई करने के लिए आधा दर्जन से अधिक पानी की टंकी और ट्यूबवेलों को उपयोग किया जाता है। सभी ट्यूबवेल और पानी की टंकियों का पाइपलाइन के माध्यम यह एक-दूसरे से ज्वाइंट कर दिया है। इससे पानी सभी को एक साथ मिल सके। नगर पंचायत बाबरपुर कार्यालय प्रांगण में बने ट्यूबवेल की बोरिंग में मिट्टी पहुंच रही है। इससे पूरे नगर के नलों में मिट्टी मिला गंदा पानी आ रहा है, जिसे पीने के लिए लोग मजबूर हैं। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से इस समस्या से शीघ्र छुटकारा दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि कार्यालय में स्थित बोरिंग में मिट्टी धसक गई है, इससे पानी में मिट्टी जा रही है। इसके बारे में जेई को सूचित किया गया है, वह देखकर बताएंगे कि क्या होना है।