औरैया। अपर आयुक्त कानपुर मंडल ने शनिवार को औरैया, दिबियापुर व अजीतमल में धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। अजीतमल मेें टोकन देने के बाद भी धान खरीद न करने पर अपर आयुक्त ने एसएमआई (केंद्र प्रभारी) को फटकार लगाई। उन्होंने गोशाला व रैन बसेरा का भी निरीक्षण कर निर्देश दिए।
अपर आयुक्त कानपुर मंडल कुंज बिहारी अग्रवाल ने अजीतमल केंद्र पर टोकन रजिस्टर व अन्य अभिलेख देखे। केंद्र पर मौजूद किसानों ने बताया कि उनका टोकन नवंबर का है, लेकिन अभी तक उपज की खरीद नहीं हो सकी है। इस पर अपर आयुक्त ने एसएमआई सुनील कुमार की तय समय में धान खरीद के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे को भी जरूरी निर्देश दिए। वह अपने साथ टोकन रजिस्टर के अलावा अन्य दस्तावेज की फोटो कॉपी ले गए। परिसर में संचालित गोशाला के बारे में ईओ विजय कुमार से जानकारी ली। ईओ को गोवंशों के खाना की समुचित व्यवस्था व साफ-सफाई रखे जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने नगर पंचायत पहुंच कर रैन बसेरा का निरीक्षण किया।