औरैया। तिलक महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने बुधवार को बमुरीपुर में सफाई अभियान चलाया। इसके बाद सभी रोगों की एक दवाई, घर में रखो साफ-सफाई आदि स्लोगन के जयघोष के साथ स्वच्छता जागरुकता रैली निकाली।
सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने बमुरीपुर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में साफ-सफाई की। प्राचार्य रवि कुमार ने बताया कि सरकार इस समय स्वच्छता पर बहुत ज्यादा जोर दे रही है, लेकिन समाज में अभी स्वच्छता के प्रति जागरूकता में कमी है। हमें पर्यावरण की संरक्षण पर ध्यान देना चाहिए।
बीएड विभाग के सागर गुप्ता ने बताया कि स्वच्छता ही स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने कहा कि कचरे को नदियों में प्रवाहित ना करें। हमें अपने वातावरण को शुद्ध रखना चाहिए।
महाविद्यालय के अरविंद कठेरिया ने बताया कि हमें वातावरण को दूषित नहीं करना चाहिए। हमें पानी का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी जयसिंह, पुष्पक शुक्ला, गरिमा दीक्षित, नैना, पलक, दिव्यांशी, आर्यन आदि मौजूद रहे।