अजीतमल (औरैया)। तहसील क्षेत्र के सोनासी गांव में तेज बारिश के बाद दीवार गिरने से छप्पर के नीचे सो रहे वृद्ध की मलबे में दबकर मौत हो गई। सोनासी गांव निवासी शांति देवी ने बताया कि शुक्रवार रात पति रामशंकर (65) दीवार के सहारे रखे छप्पर के नीचे सो रहे थे। देर रात दीवार ढह गई, जिससे मलबा पति के ऊपर गिर गया। शोर सुनकर पड़ोसी मदद के लिए दौड़े।
लेकिन जब तक मलबा हटाया जाता, रामशंकर की मौत हो गई। जानकारी होने पर ब्लाक प्रमुख रजनीश पांडेय, बीडीओ अश्वनी कुमार मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद का भरोसा दिया। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहसीलदार राजकुमार ने बताया कि जांच कर पीड़ित परिवार को मदद दिलाई जाएगी।
आवास के लिए कई बार लगा चुका था गुहार
वृद्ध दंपती कच्चे मकान में सालों से रह रहे थे। पात्र होते हुए भी उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला। मृतक रामशंकर की पत्नी शांति ने बताया कि पति ने कई बार गांव से लेकर ब्लाक, तहसील के अधिकारियों से आवास दिलाने की गुहार लगाई थी। लेकिन सुनवाई नहीं हुई।