संवाद न्यूज एजेंसी
एरवाकटरा। पिछले दो दिनों में हुई बारिश के बाद मौसम में आए अचानक बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। रात के तापमान में गिरावट और दिन में बढ़ती गर्मी के कारण क्षेत्र में वायरल व अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को सीएचसी की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी।
अधीक्षक डॉ. मोहित कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों में ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 150 मरीज पहुंचते हैं, लेकिन मौसम में बदलाव के चलते मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई। शाम चार बजे तक ओपीडी में 220 मरीज पंजीकृत किए जा चुके थे। उन्होंने बताया कि वायरल बुखार, श्वास संबंधी रोग, उच्च रक्तचाप, सिरदर्द तथा पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। सभी मरीजों की आवश्यक जांच कराकर उपचार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने लोगों से बदलते मौसम में खानपान और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।