नलकूप के वाल्व खोलते नगर पंचायत के कर्मी। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल। कस्बे के पांच मोहल्लों में पानी की किल्लत को लेकर आखिरकार छठवें दिन लोगों का गुस्सा फूट ही पड़ा। लोगों ने जमकर हंगामा कर विरोध जताया। इसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने वर्षों से बंद वाल्व खुलवाकर सीधे आपूर्ति कराई।
अजीतमल कस्बे के आंबेडकर नगर में बनी पानी की टंकी की मोटर गुरुवार से खराब चल रही है। इस कारण आंबेडकर नगर, आर्य नगर, गांधी नगर, राजीव नगर और आजाद नगर मोहल्ले में पानी की किल्लत व्याप्त है। बार-बार आश्वासन देने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन भी मोटर ठीक नहीं करा सका।
पानी की किल्लत बढ़ती देख मंगलवार सुबह मोहल्ले के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की टंकी के पास एकत्र होकर लोगों ने खूब हंगामा किया। हंगामे की खबर और मामला बढ़ता देख आननफानन नगर पंचायत प्रशासन ने फिरोज नगर कोटला स्थित ट्यूबवेल से कनेक्ट टंकी के वाल्व खुलवाए, जिसके बाद कई मोहल्लों में सीधे आपूर्ति शुरू हो गई।
बता दें कि आंबेडकर नगर पानी की टंकी दो नलकूपों से कनेक्ट थी, पर एक नलकूप के वाल्व सालों से बंद चल रहे थे। अधिशासी अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि मिस्त्री सामान लेकर आ गया है और कार्य शुरू कर दिया है। फिरोजनगर कोटला स्थिति ट्यूबवेल के वाल्व खुलवा दिए गए हैं, जिससे कुछ वार्डों में सीधे पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। जहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां पर टैंकर से आपूर्ति की गई।
पानी की टंकी के पास खड़े होकर हंगामा करते लोग। संवाद- फोटो : AURAIYA