औरैया। निशुल्क खाद्यान्न वितरण की तिथि दो बार बढ़ाई जा चुकी है लेकिन अभी भी 50 से ज्यादा कोटेदारों को चना व खाद्य तेल नहीं मिला है। कार्डधारक सुबह से लाइन लगा रहे हैं लेकिन उन्हें यह दोनों चीजें नहीं मिल पा रही हैं। निशुल्क राशन वितरण की 25 दिसंबर अंतिम तारीख निर्धारित की गई है।
जिले में 2,68,090 कार्डधारक हैं, इनमें से अभी तक करीब दो लाख कार्ड धारकों को ही निशुल्क राशन मिल सका है। 68 हजार से ज्यादा अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निशुल्क खाद्यान्न मिलने इंतजार है। भाग्यनगर व बिधूना विकासखंड में 50 से ज्यादा कोटे की दुकानों में नेफेड द्वारा चना व खाद्य तेल की आपूर्ति नहीं की जा सकी है। जिन राशन की दुकानों पर खाद्यान्न नहीं पहुंचा है, उन दुकानों पर प्रतिदिन उपभोक्ता पहुंच रहे हैं। राशन न मिलने की वजह से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते उन्हें सरकार की योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्रा ने बताया कि अधिकतर राशन की दुकानों में खाद्यान्न पहुुंचा दिया गया है। अगर कहीं पर खाद्यान्न नहीं पहुंचा है तो आज शाम तक वहां पर पहुंचा दिया जाएगा।