अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र में मौहारी के पास सर्विस रोड पर लापता महंत का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई। पुलिस ने संभल निवासी परिजनों को जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महंत की हत्या की आशंका जताई गई है।
मंगलवार सुबह मौहारी रोड से गुजरे लोगों को पेड़ पर वृद्ध का शव लटका दिखा। सूचना पर सीओ प्रदीप कुमार, कोतवाली प्रभारी राम सहाय व अनंतराम चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मौके पर झोला पड़ा मिला। उसमें 3500 रुपये और आधार कार्ड था। मृतक की पहचान कृष्णनंद (70) निवासी ओमा शिव शक्ति पीठ अतरासी पवसा चंदौसी जिला संभल के रूप में हुई। कोतवाली पुलिस ने मृतक के गांव अतरासी के प्रधान पति प्रमोद यादव से बात की।
प्रमोद ने बताया कि कृष्णनंद मंदिर में महंत थे और 25 दिन से लापता थे। उनका मोबाइल भी बंद था। उन्होंने हत्या की आशंका जाहिर की है। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि महंत यहां तक कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है। गांव और परिवार के लोगों के आने के बाद ही कारण स्पष्ट होगा।