औरैया। मेडिकल कॉलेज को नये साल में ब्लड बैंक की सौगात मिलेगी। इससे मरीजों को आसानी से रक्त की उपलब्धता हो सकेगी। इसके लिए 2.30 करोड़ रुपये से यूपीपीसीएल कार्य करेगा।
साल 2025 में जिले को लंबे अर्से के बाद शहर के 50 शैया जिला अस्पताल में ब्लड बैंक की सौगात मिली थी। हालांकि मेडिकल कॉलेज की ओपीडी ढाई हजार के पार रहती है। ऐसे में यहां पर बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। प्रसव से लेकर अन्य ऑपरेशन भी होते हैं। खून की कमी को लेकर मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों को भटकना पड़ता है। अब मरीजों को इसके लिए मेडिकल कॉलेज में ही ब्लड की सुविधा रहेगी।
तीन माह पहले मेडिकल कॉलेज की ओर से शासन में पत्राचार करते हुए ब्लड बैंक का प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें मरीजों की संख्या और जरूरत का का हवाला दिया गया था। इस प्रस्ताव को शासन स्तर से मंजूरी दे दी गई है। साथ ही 2.30 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। मेडिकल कॉलेज में चिह्नित 100 शैया जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में इस ब्लड बैंक को तैयार किया जाएगा। इसे लेकर कार्यदायी संस्था के तौर पर यूपीपीसीएल को चुना गया है।
नये साल के आगाज के साथ ही जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर ब्लड बैंक को शुरू कराया जाएगा। हाल ही में राज्य स्तरीय टीम के निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक के लिए चिह्नित भवन को भी परखा था।