पीड़िता गीता दीक्षित से घटना की जानकारी करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : AURAIYA
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ओमनगर में बुधवार को दिन दहाड़े नकाबपोश बाइक सवारों ने महिला की चेन लूट ली। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
ओमनगर मोहल्ला निवासी गीता पत्नी रमन दीक्षित बुधवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे घर से कुछ दूर स्थित भाई नीरज उपाध्याय के घर जा रहीं थीं। इस बीच सामने से तेज गति से आए बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने उनकी चेन झपट्टा मारकर तोड़ ली और जमालशाह की तरफ से होकर हाईवे की तरफ भाग गए।
गीता के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें बाइक सवार जाते दिख रहे हैं। गीता के पति रमन दीक्षित ने बताया कि चेन की कीमत करीब एक लाख रुपये है। सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि चेन लेकर भाग रहे बाइक सवारों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।