सहायल। थाना क्षेत्र के भटौली गांव में मंगलवार शाम विवाहिता का शव घर के अंदर खिड़की के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था।
भटौली गांव निवासी रवि की पत्नी कंचन देवी(22) का शव मंगलवार शाम पांच बजे के करीब खिड़की में रस्सी से फंदे पर लटका मिला। खेत से लौट कर आईं सास लल्ली देवी को दरवाजा अंदर से बंद मिला। सास ने पड़ोसियों और पुलिस को जानकारी दी।
लल्ली ने बताया कि उसका बेटा रवि मजदूरी करने के लिए दिबियापुर गया था। घटना के वक्त वह खेत पर गई थीं और बहू घर पर अकेली थी। बहन की मौत की खबर मिलने पर मृतका का भाई अभिषेक कुमार निवासी रामपुर थाना रूरा कानपुर देहात भी आ पहुंचा। उसने बताया कि 18 फरवरी 2022 को उसने बहन की शादी रवि के साथ की थी।
शादी के बाद से ही ससुरालीजन बहन के साथ दहेज के लिए मारपीट करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके पर पहुंचे सीओ औरैया सुरेंद्र नाथ ने परिजनों से पूछताछ के साथ ही घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।