बेला थाने में शिकायत लेकर पहुंचे मृतका के परिजन।संवाद
- फोटो : AURAIYA
बेला। थाना क्षेत्र के नंदपुर में मंगलवार सुबह विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में घर में पड़ा मिला। ससुरालियों ने फांसी लगाए जाने की बात पुलिस को बताई। देर रात मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंगलवार सुबह नंदपुर निवासी हर्ष कुमार की पत्नी रजनी(21) का शव घर में पड़ा मिला। पड़ोसियों की सूचना पर गुरुग्राम हरियाणा से पहुंचे मृतक के भाई विकास कुमार निवासी पुर्वा फकीरे थाना सहायल औरैया ने दहेज के लिए मारपीट कर बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उसने बताया कि बहन के शरीर व पैर में कई जगह चोट के निशान है। पैर में रस्सी भी बंधी थी।
उसने बताया कि 25 मई 2020 को नंदपुर निवासी हर्ष कुमार पुत्र यशपालसंग शादी की थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुरालीजन दहेज में एक लाख नकद व एक मोटरसाइकिल की मांग कर उत्पीड़न कर रहे थे। सोमवार शाम बहन के ननदोई ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। घटना की जानकारी पर पहुंचे सीओ बिधूना महेंद्र सिंह व बेला थाना प्रभारी जीवाराम ने ससुरालियों से पूछताछ की।
ससुरालियों ने बताया कि सोमवार देर रात रजनी ने फांसी लगाई, उसे जब तक उतारा मौत हो गई। पुलिस ने मायके पक्ष के आरोप और घटना को संदिग्ध मानकर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी जीवाराम ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति हर्षकुमार, ससुर यशपाल, सास निर्मला, ननद प्रियंका, लाली व प्रियांशी और ननदोई राजू व पंकज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रजनी की फाइल फोटो- फोटो : AURAIYA