फोटो-08एयूआरपी-44- औरैया बस स्टैंड पर जमीन पर बैठ कर बसों का इंतजार करते यात्री। संवाद
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर। चुनाव ड्यूटी में रोडवेज बसों के जाने से यात्रियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनों की संख्या में कमी और लेटलतीफी ने यात्रियों की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए औरैया डिपो की 18 बसें अधिग्रहीत की गई हैं। एक साथ इतनी बसों के चले जाने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बसों की संख्या कम होने के कारण लंबी दूरी के लिए यात्री ट्रकों, डग्गामार वाहनों आदि का सहारा लेने के लिए मजबूर हैं। वहीं, काफी संख्या में यात्री ट्रेनों का सहारा ले रहे हैं। ट्रेनों में सफर भी कम मुश्किलों भरा नहीं है।
जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशन फफूंद पर कोहरे के कारण कई ट्रेनें रद्द चल रही हैं। वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनें लेट चल रही हैं। मंगलवार को भी हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को लगभग ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस लगभग चार घंटे लेट रही। ट्रेनों में आरक्षित टिकट पाना भी टेढ़ी खीर है। यात्री देर रात फफूंद चौराहे एवं इसके आसपास खड़ी प्राइवेट बसों से दिल्ली रवाना हुए।
औरैया डिपो पर घंटों बसों का करना पड़ा इंतजार
मंगलवार को डिपो के बाहर यात्रियों को कानपुर, इटावा और झांसी की बसों का घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ लोग कम किराए में सफर करने की बात कहकर रोडवेज से ही जाने की बात कहते रहे। जबकि कुछ देरी होने पर निजी वाहनों से रवाना हुए। इधर, बसें कम होने के कारण रसूलाबाद, बिधूना, दिबियापुर जाने वाली सवारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।