दिबियापुर (औरैया )। सोमवार की शाम विकास कुंज कालोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर पर कपड़े नहीं थे। घटना की सूचना पर देर शाम पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरा है।। हालांकि मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतका के बेटे तेजेंद्र कुमार उर्फ ललित पुत्र शरद त्रिपाठी के अनुसार वह प्रतिदिन की तरह औरैया स्थित स्कूल बस से गया था। वह स्कूल से बस से दिबियापुर में सीधे फफूंद चौराहे पर उतरा और पिता के बताए अनुसार ग्रामीण बैंक से रुपये निकाले। जब वह अपरान्ह लगभग साढ़े तीन बजे घर पहुंचा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक जब गेट खटखटाने पर नहीं खुला तो पड़ोस से सीढ़ी लेकर दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचा। यहां पर उसकी मां सरोज त्रिपाठी (41) निर्वस्त्र अवस्था में पड़ीं थीं। इसकी जानकारी उसने पिता शरद को दी। शरद ने घर पर पहुंचकर मामले की जानकारी मृतका के रसूलाबाद कानपुर देहात निवासी मायके पक्ष के लोगों को दी। इस पर दिबियापुर पहुंचे मृतका के भतीजे (भाई के बेटे) अंकित शुक्ला एवं परिजनों ने देर शाम इसकी सूचना दिबियापुर पुलिस को दी। अंकित शुक्ला एवं परिजनों ने मृतका की हत्या की आशंका जताई है। आरोप लगाया कि वर्ष 2001 में उनकी बुआ की शादी दिबियापुर में हुई थी। तब से लेकर फूफा उनकी बुआ को लगातार परेशान करते रहे हैं। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला, इंस्पेक्टर निर्भय सिंह एवं पुलिस बल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि पति शरद त्रिपाठी ने कुछ भी कहने से इंकार करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब कुछ साफ हो जाएगा।
इनसेट
पहली पत्नी अपने दो बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसकर मरी थी
दिबियापुर (औरैया)। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि शरद त्रिपाठी की सरोज से दूसरी शादी थी। पहली पत्नी औरैया निवासी थी। वर्ष 2000 में पहली पत्नी भी अपने दो बच्चों के साथ आग से झुलसकर मर गई थी।