फफूंद। थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के दौड़ लगाने के बहाने घर से बुलाकर 14 वर्षीय किशोर को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार किशोर ने हर्ष के बाएं पैर में घुटने के नीचे तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद वह घायल को अस्पताल ले गया, लेकिन ड्रेसिंग कराने के बाद उसे छोड़कर फरार हो गया। घायल की मां की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव बढ़ुआ निवासी अनिल कुमार का 14 वर्षीय पुत्र हर्ष कक्षा नौ का छात्र है। बताया गया कि गुरुवार सुबह कक्षा 10 में पढ़ने वाला एक किशोर बाइक से हर्ष के गांव पहुंचा और उसे घर से बाइक पर बैठाकर पाता रोड से फफूंद की ओर ले गया। रास्ते में हर्ष के चाचा के घर के पास उसने बाइक रोक दी और हर्ष के बाएं पैर में घुटने के नीचे तमंचे से गोली मार दी।
गोली लगने से हर्ष घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसे भाग्यनगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सक ने इलाज करने से मना कर दिया। फिर वह घायल को दिबियापुर के बेला रोड स्थित पार्वती क्लीनिक ले गया। वहां ड्रेसिंग कराने के बाद आरोपी हर्ष को छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल की मां रीना कुमारी ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों किशोर नाबालिग हैं।