फफूंद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर लिफ्ट की नींव।
- फोटो : संगठन
दिबियापुर। फफूंद स्टेशन पर यात्रियों के लिए कई सुविधाएं होने जा रही हैं। अब उन्हें एक से दूसरे प्लेटफार्म तक आने-जाने के लिए फुटब्रिज की सीढि़यां नहीं चढ़नी पड़ेंगी।
यात्री लिफ्ट के जरिए वहां तक आसानी से आ-जा सकेंगे। इसके लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-एक पर लिफ्ट लगाएगी। वहीं, जीआरपी कार्यालय को यहां से आरपीएफ कार्यालय के पीछे शिफ्ट कर दिया है।
फफूंद स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक व तीन पर लिफ्ट प्रस्तावित थी। प्लेटफार्म नंबर एक पर प्रस्तावित लिफ्ट की जद में कई कार्यालय व पेड़ आ रहे थे। जिस कारण से वहां पर लिफ्ट नहीं लग पा रही थी। ऐसे में अब रेलवे ने प्रस्तावित जगह से जीआरपी कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों को हटाने का निर्णय लिया।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर एक से जीआरपी कार्यालय को हटाकर उसे आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कार्यालय के पीछे शिफ्ट करा दिया गया है। अब पुरानी जगह पर सिर्फ जीआरपी का मालखाना, बैरक और जीआरपी चौकी इंचार्ज का ही ऑफिस रहेगा।
उन्होंने बताया कि पुराने मालखाना व बैरक को तोड़ा जाएगा और नीम के पेड़ भी काटा जाएगा। वहीं आरपीएफ कार्यालय फफूंद स्टेशन के सामने बनी आरपीएफ बैरक में शिफ्ट किया गया है। फफूंद स्टेशन पर लिफ्ट काम सितंबर 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है।