फोटो-16- महामाई मंदिर परिसर में जायजा लेते एसपी अभिषेक भारती। संवाद
दिबियापुर। गांव गहेसर स्थित महामाई मंदिर के मेले में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब महज पांच रुपये के लेन-देन को लेकर कुछ युवकों और दुकानदार के बीच लाठी-डंडे चल गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर एसपी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस से घटना की जानकारी ली।
मेले में दूर-दराज से आए युवकों के एक गुट ने एक दुकान से 20 रुपये का सामान खरीदा। युवक 15 रुपये देने पर अड़ा था, जबकि दुकानदार पूरे रुपये की मांग करने लगा। इसी पांच रुपये की कटौती को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते लाठी-डंडे चल गए। वहीं, पुलिस को देख आरोपी भागने लगे।
पुलिस ने गांव दखनाई निवासी संदीप, रोहित, गांव खेरा निवासी विपिन, महावीर, कानपुर देहात के थाना व कस्बा रसूलाबाद निवासी छोटू, देवेंद्र को पकड़कर थाने ले गई।
इधर, घटना की जानकारी के बाद एसपी अभिषेक भारती घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी की। वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस फोर्स को निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायन त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है।