दिबियापुर (औरैया)। जिले वासियों को अब अच्छी और बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिले से बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। ग्राम पंचायत सेहुद के मजरा बरमूपुर में मेडिकल कालेज के लिए चिह्नित जमीन का सर्वे कार्य लखनऊ से पहुंची टीम ने मंगलवार को पूरा किया। टीम ने जांच में पाया कि बरमूपुर की जमीन मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया (एमसीआई) के मानक के अनुसार है। अब संबंधित अधिकारी प्रस्ताव की रिपोर्ट प्रदेश शासन को भेजेंगे। इसके बाद प्रदेश शासन अपनी संस्तुति रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजेगी। केंद्र सहायता प्राप्त योजना फेज-3 के तहत जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर राजकीय मेडिकल कालेज बनाया जाना प्रस्तावित है।
मंगलवार को ग्राम पंचायत सेहुद के मजरा बरमूपुर में जिला अस्पताल को राजकीय मेडिकल कालेज में उच्चीकृत करने के लिए पूर्व में चिह्नित की जा चुकी भूमि को देखने के लिए शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार के साथ अतिरिक्त एसडीएम औरैया राशिद खां, तहसीलदार सदर राजकुमार, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर पीके श्रीवास्तव, सीएमएस राजीव रस्तोगी, जेई राजन खन्ना समेत राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। यहां पर राजकीय मेडिकल कालेज के लिए ग्रामसभा की 15 एकड़ जमीन को देखा।
नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार के अनुसार ग्राम बरमूपुर में चिह्नित जमीन मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया के मानक अनुसार उपयुक्त है। इसी सप्ताह पूरी रिपोर्ट प्रदेश शासन को प्रेषित कर दी जाएगी। इसके बाद प्रदेश शासन से रिपोर्ट केंद्र सरकार के लिए संस्तुति सहित अग्रसारित की जाएगी। केंद्र सरकार से संस्तुति मिलने के तुरंत बाद राजकीय मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। लखनऊ से पहुंचे नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार एवं राजकीय निर्माण निगम के पीके श्रीवास्तव ने सीएमओ कार्यालय में सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार राय से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद डीएम औरैया से भी मिलकर जल्द से जल्द राजकीय मेडिकल कालेज बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी। बताया कि जिला अस्पताल के राजकीय मेडिकल कालेज में उच्चीकृत होने से कुल 522 बेड का राजकीय मेडिकल कालेज बन जाएगा। लखनऊ से पहुंचे नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार एवं सीएमओ डा. अवधेश कुमार राय ने यह जानकारी दी। नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार के अनुसार बरमूपुर में बनने वाला मेडिकल कालेज लगभग 325 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। इसमें मेडिकल कालेज की सभी स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों को मिलेंगी।
जमीन चिन्हीकरण के तीसरे दिन पहुंच गई लखनऊ की टीम
दिबियापुर (औरैया)। मुख्यमंत्री से शनिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग में मिले निर्देशों के बाद एक्शन में आए जिलाधिकारी औरैया के आदेश पर रविवार को सीएमओ डा. अवधेश कुमार राय ने एसडीएम औरैया एवं राजस्व टीम के साथ जाकर चिह्नीकरण का काम पूरा किया। इसके साथ ही रिपोर्ट शासन को भेज दी गई थी। तीसरे दिन मंगलवार को लखनऊ से टीम ने पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। सीएमओ डा. अवधेश कुमार के अनुसार शासन की मंशानुसार जल्द से जल्द राजकीय मेडिकल कालेज बनाए जाने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
प्रदेश के चार जिलों में मेडिकल कालेज बनाने को केंद्र सरकार की संस्तुति मिली
दिबियापुर (औरैया)। केंद्र सरकार से सहायतित योजना फेज-3 के तहत औरैया समेत प्रदेश के 14 जिलों में जिला अस्पतालों को उच्चीकृत कर राजकीय मेडिकल कालेज बनाया जाना है। नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार के अनुसार अभी तक कौंशांबी, कुशीनगर, कानपुर देहात एवं बिजनौर जनपदों में राजकीय मेडिकल कालेज बनाए जाने की संस्तुति केंद्र सरकार से मिल चुकी है। जबकि औरैया समेत अन्य 10 जनपदों में केंद्र सरकार की संस्तुति जल्द से जल्द मिलने की उम्मीद है।
सड़क चौड़ी कराने एवं तार हटवाने का मिला आश्वासन
दिबियापुर (औरैया)। नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार के अनुसार चिह्नित की गई जमीन तक पहुंचने के लिए रास्ता संकरा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन से कहा गया है। जबकि चिह्नित जमीन से हाईटेंशन लाइन के तार निकले हैं। इन्हें भी हटाने का अनुरोध किया गया है। हाईटेशन लाइनें हटवाने एवं सड़क चौड़ी कराने का आश्वासन मिला है।