औरैया। सोने पर आयात शुल्क में बढ़ोतरी, ऑनलाइन मार्केटिंग व महंगाई से परेशान व्यापारियों की समस्या सुनने बुधवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल औरैया पहुंचे।
उन्होंने व्यापारियों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सीएम तक बात पहुंचाने का भरोसा दिया। सुबह करीब 11 बजे शहर पहुंचने पर उनका होमगंज स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रविकांत वर्मा के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने यहां मौजूद सर्राफा, किराना व अन्य व्यापारियों से एक-एक कर समस्या जानी।
सराफा व्यापारियों ने बताया कि पीएम की अपील व सोने पर आयात शुल्क दोगुना से अधिक कर देने से उनका कारोबार चौपट हो गया है। कारीगर दाने-दाने को मोहताज हो रहे हैं।
वहीं, किराना व्यापारियों ने ऑनलाइन मार्केटिंग से व्यवसाय चौपट होने की पीड़ा बताई। वह उनकी बात सीएम योगी आदित्य नाथ तक पहुंचाएंगे। (संवाद)