रुरुगंज। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव जुगराजपुर में बुधवार सुबह खेत पर काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान को सांप ने डस लिया। जानकारी पर परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
गांव जुगराजपुर निवासी यतेंद्र कुमार दुबे (62) बुधवार सुबह खेत में खड़ी मूंग फसल में सिंचाई कर रहे थे। सिंचाई के दौरान खेत में बने एक बिल से पानी बाहर निकल रहा था। यतेंद्र कुमार अपने पैर से उस बिल को बंद करने का प्रयास करने लगे। इसी बीच बिल के अंदर मौजूद सांप ने उनके पैर में डस लिया।
सांप के डसने के बाद यतेंद्र किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने घर पहुंचे और परिजन को जानकारी दी। किसान की हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टर जांच के बाद किसान को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते कोहराम मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।