कस्बे में बस से उतरते समय अचानक चालक के बस आगे बढ़ा देने से युवक सड़क पर गिर गया। सड़क पर गिरने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। युवक को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इटावा जिले के मनियामऊ इकदिल निवासी झुन्नी लाल पुत्र होरी लाल क्षेत्र के बले पुर्वा में बुआ के पास रहता था। झुन्नी लाल तिर्वा की मंडी में मछली बेचने का काम करता था। बुधवार को वह तिर्वा मंडी से मछली बेचकर घर आ रहा था। सहार में वह बस से उतरने लगा। उसी समय चालक ने बस आगे बढ़ा दी।
नियंत्रण खोने से झुन्नीलाल मुंह के बल सड़क पर गिर गए। नाक और सिर में अधिक चोट लगने से झुन्नीलाल की मौके पर मौत हो गई। हादसा होते ही चालक बस लेकर भाग गया। आस पास के लोग झुन्नीलाल को एंबुलेंस से सीएचसी ले गए। यहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन व सहार चौकी पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने कहा कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।