बस चालक के जल्दबाजी करने पर फंसी रोडवेज बस। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। विधानसभा चुनाव में लगीं रोडवेज बसें शनिवार को डीजल लेने के लिए औरैया डिपो पर पहुंची तो बाहर तक कतार लग गई। इससे जाम लग गया।
चुनाव ड्यूटी पर रवाना होने से पहले रोडवेज बसें औरैया डिपो पर डीजल भरवाने पहुंची।
शनिवार को डिपो से लेकर शाह जमाल गेट तक रोडवेज बसों की लंबी लाइन लगी रही। इसी बीच पीतल नगरी डिपो के एक चालक ने जल्दबाजी करने की कोशिश तो वह फंस गया। बस के साथ ही पीछे वाहनों की कतारें लग गईं। साथी बसों के चालकों व ट्रैफिक कर्मियों ने लाइन में खड़ी बस को आगे करवाया। इसके बाद जाम का कारण बनी पीतल नगरी डिपो की बस को निकाला जा सका। इसके बाद जाम में फंसे लोगों को राहत मिली।
वही, मंडी समिति के पास सर्विस लेन पर खड़ी रोडवेज बसें व मतदान कर्मियों के वाहन भी जाम का कारण बने। मंडी के पास लगे जाम में एक मजिस्ट्रेट की गाड़ी भी फंस गई। सायरन की आवाज सुनकर मंडी समिति के पास लगे ट्रैफिक कर्मी दौड़े और जाम खुलवाया। तब जाकर मजिस्ट्रेट की कार व अन्य वाहन निकल सके।