अजीतमल। एमएलसी चुनाव के मतदान को लेकर बूथ एजेंटों को पीटने के मामले में शुक्रवार देर रात तक सांसद, विधायक कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में डटे रहे थे। एएसपी के जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर माहौल शांत हो सका था। अब पूरे मामले की कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव नगला सहतू निवासी अमरदीप उर्फ अमर बहादुर की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि नामजद चार भाजपा नेताओं ने बूथ एजेंट मनीष, हरिशंकर, विमल और मधु यादव को पीटा और जातिसूचक गालियां देकर धमकाया। घटना की जानकारी के बाद इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता के साथ कोतवाली पहुंचे और बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान सपाइयों ने जमकर नारेबाजी की। कोतवाली पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने थे और मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। देर रात करीब 10 बजे एएसपी कोतवाली पहुंचे और मौजूद लोगों की बात सुनी। इसके बाद उन्हों ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी वहां से चले गए। एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।