दिबियापुर। नगर के समीप स्थित गेल गांव कालोनी एक बार फिर से चर्चा में है। यहां पर अब तक कुल 12 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। जिला प्रशासन भी अलर्ट है। बाहर प्रदेशों एवं शहरों में आवागमन आवश्यक न होने पर रोकने के लिए गेल प्रबंधन से कहा गया है।
अपर सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि गेल गांव में अब तक 12 लोग संक्रमित निकले हैं। इसके बाद गेल प्रशासन को आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए कहा गया है। गेल प्रबंधन को ताकीद किया गया है कि किसी को अनावश्यक रूप से बाहर के प्रदेशों एवं शहरों में जाने से रोका जाए। यदि बाहर जाना आवश्यक है तो यहां से जांच कराकर जाए। लौटते समय वहां से टेस्टिंग कराकर ही लौटे।
गेल गांव लौटने पर एंटीजन टेस्ट कराए। टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने पर सात दिनों तक क्वारंटीन रहे। पॉजिटिव आने पर घर में ही खुद को स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में आईसोलेट करे। बताया कि किसी कर्मी या उसके परिवार के सदस्य के पॉजिटिव निकलने पर स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर कांटेक्ट ट्रेसिंग करके आरटीपीसीआर जांच कर रहा है।
दिबियापुर। गेल गांव आवासीय परिसर में कोरोना संक्रमित निकलने के बाद गेल प्रबंधन ने भी खासी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। टीकाकरण के लिए शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। गेल प्रबंधन के अनुसार, अन्य स्थानों से लौटने वाले कर्मियों एवं उनके परिजनों, अतिथियों की गेल गांव के धन्वंतरि हास्पिटल में आरटीपीसीआर जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने तक क्वारंटीन कराया जा रहा है। सभी कार्यस्थलों को नियमित तौर पर सैनिटाइज कराया जा रहा है। सभी प्रमुख भवनों के बाहर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। गेल में अधिकांश बैठकें वर्चुअल मोड में की जा रही हैं। (संवाद)