औरैया। भाजपा मंडल महामंत्री व पूर्व विधायक के पुत्र की पिटाई करने वाले दरोगा को एसपी ने निलंबित कर दिया है। सदर विधायक की शिकायत पर एसपी ने कार्रवाई की है। मालूम हो कि सदर कोतवाली में मंगलवार की दोपहर बूथ पदाधिकारी के एक पुराने मामले में सही जांच की बात कहने पहुंचे थे।
भाजपा मंडल महामंत्री व पूर्व विधायक छक्की लाल के पुत्र चंद्रभान के साथ मंगलवार को एसआई प्रकाश सिंह ने मारपीट की थी। साथ ही एक पत्रकार के साथ अभद्रता किए जाने को लेकर सदर विधायक रमेश दिवाकर ने एसपी अपर्णा गौतम से शिकायत की थी। इस प्रकरण में एसपी ने सीओ बिधूना मुकेश प्रताप सिंह को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। सीओ बिधूना ने बुधवार को एसपी को सौंपी जांच रिपोर्ट में दरोगा को दोषी बताया। इस प्रकरण में एसपी ने दरोगा प्रकाश सिंह को निलंबित कर दिया है।