बेला। थाना क्षेत्र के गांव बरौली में शनिवार तड़के घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति के सिर पर ईंट से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया।
लहूलुहान हालत में परिजन युवक को लेकर अस्पताल भागे, जहां से उसे गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
गांव निवासी प्रेमचंद ने पुलिस को बताया कि उनका भतीजा मलखान सिंह शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे गेहूं की कटाई कर घर लौटा था। शनिवार को तड़के करीब साढ़े चार बजे पत्नी अंजू देवी (32) के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आपा खोई अंजू ने पास पड़ी ईंट उठाकर मलखान के सिर पर दे मारी। मलखान की चीख सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। बिस्तर खून से लथपथ था और मलखान अचेत पड़ा था।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना में प्रयुक्त खून से सनी ईंट और बिस्तर को कब्जे में ले लिया। परिजन घायल युवक को अस्पताल ले गए। वहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि पत्नी को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।