औरैया। मौसम में आए बदलाव के बाद शुक्रवार रात से झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो शनिवार अलसुबह तक चला। बारिश के दौरान अछल्दा में एक कच्चा मकान ढह गया। वहीं बिधूना कस्बे में सड़क किनारे खड़ा विशालकाय बरगद का पेड़ भी धराशायी हो गया।
तेज हवा के साथ बारिश होने से शहर से ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें भी जलमग्न रहीं। खासतौर पर जलभराव की समस्या शहर की आवास विकास कॉलोनी में रही। आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर, बिजली सप्लाई भी चरमरा गई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार जिले में करीब सात एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अछल्दा क्षेत्र के गांव रुरुकलां में शुक्रवार रात तेज बारिश के बीच एक घर की कच्ची छत व दीवार भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार कमरे के बाहर टिनशेड में सो रहा था। करीब डेढ़ लाख कीमत की गृहस्थी नष्ट हो गई। रुरुकलां निवासी शिवशंकर के अनुसार उनका कच्चा मकान है। घर के बाहर की दीवार पर टिनशेड पड़ा है। हादसे के समय शिवशंकर, पत्नी शोभारानी, पुत्र विकास और पुत्री अंजू के साथ घर के बाहर टिनशेड के नीचे सो रहे थे। तभी कच्ची छत व दीवार ढह गई। मलबे में दबकर गृहस्थी बर्बाद हो गई।
वहीं बिधूना कस्बा के रामगढ़ रोड किनारे एक विशालकाय बरगद का पेड़ भी बारिश व तेज हवा के बीच धराशायी हो गया। बिजली लाइन भी तहसनहस हो गई। शनिवार सुबह 11 बजे तक मार्ग पर आवाजाही बंद रही। नगर पंचायत कर्मियों ने पेड़ की कटाई कर किसी तरह वाहनों का आवागमन शुरू कराया। बिजली लाइन की मरम्मत में कर्मचारी जुटे रहे। रात में गुल हुई बिजली दोपहर दो बजे के बाद बहाल हो सकी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामपलट ने बताया कि सात एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि हवा की रफ्तार 16 किमी प्रति घंटा रही।
-
फॉल्ट के चलते सात घंटे गुल रही 20 गांवों की बिजली
बिधूना। उपकेंद्र अछल्दा फीडर की बिजली शुक्रवार रात 12 बजे के करीब फॉल्ट के चलते लड़खड़ा गई। 20 गांव अंधेरे में रहे। तड़के लाइन मैन फॉल्ट की सूचना पर हरकत में आए। सुबह सात बजे के करीब फॉल्ट दुरुस्त करते हुए बिजली बहाल कराई जा सकी। लाइनमैनों के मुताबिक रुरुगंज कस्बा में एचटी लाइन का इंसुलेटर खराब हो गया था। इसके चलते बिजली बाधित हुई थी। फॉल्ट के चलते रुरुगंज, पुर्वा पीताराम, सराय महाजन, कछपुरा, लक्ष्मणपुर, विशुनपुर, रुरुखुर्द, खरकपुर, नगला लालजी, बरका पुर्वा, नंदपुर, कुंवरपुर, कुसमरा, पूर्वा गुमानी, कोठी पुर्वा, समेत 20 गांव की बिजली बाधित रही। अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि रात की बारिश और तेज हवा चलने से फॉल्ट हो गए थे। इन्हें ठीक कराते हुए शनिवार सुबह बिजली बहाल करा दी गई थी।
कंचौसी की गलियां हुईं जलमग्न
कंचौसी। शुक्रवार को दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद रात 11 बजे शुरू हुई बारिश ने कस्बा के कुछ मोहल्लों की सड़कें जलमग्न कर दीं। पानी लोगों के घरों में घुस गया। इस दौरान बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। बारिश रुकने के बाद शनिवार भोर से ही एक बार फिर लोग उमस से जूझे। शनिवार दोपहर में भी रिमझिम बारिश होती रही। कस्बा क्षेत्र के गांव नौगवा के मजरा पुर्वा महिपाल में कुछ स्थानों पर जलभराव रहा।
-
रुरुकलां में बारिश के चलते एक मकान गिरने का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय लेखपाल को नुकसान के आकलन के लिए भेजा गया है। पीड़ित को मुआवजा दिलाया जाएगा। बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। -गरिमा सोनकिया, एसडीएम, बिधूना