फफूंद (औरैया)। भाग्यनगर ब्लाक के दौलतपुर गांव में बुखार से सैकड़ों लोगों के बीमार होने की जानकारी पर बुधवार स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। टीम ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर दवाइयां दीं। देर से स्वास्थ्य टीम पहुंचने पर लोगों में रोष भी दिखा।
दौलतपुर गांव में आधी आबादी के लोग चारपाई पड़े बुखार से कराह रहे हैं। गांव में सफाई न होने से मच्छरों का प्रकोप है। इससे अधिकांश लोग बीमारियों से ग्रसित है। बुधवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने प्राथमिक विद्यालय कैंप लगाया।
यहां पर पहुंचे मरीजों की जांच कर दवाइयां दीं। टीम में डॉ. रामजी गुप्ता व फार्मासिस्ट गौरव कुमार ने सौ से अधिक मरीजों की जांच की। रामजी गुप्ता ने बताया कि गांव में 25 मरीजों की खून की जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं, 80 मरीजों को दवा दी गई है। इसके साथ ही टीम ने गांव के लोगों को सफाई रखने के निर्देश दिए।