औरैया। जिले में इधर कोरोना के केस मिलने लगे हैं। जिससे कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। डेंगू संक्रमित मरीज को बुखार आने पर जांच में वह कोरोना पाजिटिव मिला। मरीज का कन्नौज मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है। इधर मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य टीमों को मरीज के गांव भेजा और कोरोना संक्रमण को लेकर सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि कन्नौज मेडिकल कालेज में पहले से भर्ती डेंगू संक्रमित मरीज की कोरोना की जांच की गई। जिसमें वह कोरोना संक्रमित पाया गया है। मरीज बेला क्षेत्र के कुराई निवासी युवक है। बताया कि बुखार आने पर वह भर्ती हुआ था।
आराम न मिलने व दोबारा बुखार आने पर कोरोना की जांच की गई थी। अब कोरोना सक्रिय केसों की संख्या तीन हो गई है। बताया कि जानकारी होने पर मरीज के गांव में स्वास्थ्य टीम को भेजा गया है। बताया कि कोरोना संक्रमण की जांच के लिए टीमें सक्रिय हैं। मंगलवार को कोरोना की जांच के लिए कुल 1556 लोगों के सैंपल लिए गए। जिसमें आरटीपीसीआर के 796 और एंटीजन के 760 सैंपल हैं।