औरैया। अब स्वास्थ्य महकमे की तरफ से नई पहल शुरू की जा रही है। छुट्टी के दिन भी लोगों को इलाज मिल सकेगा। रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन दो फरवरी से प्रत्येक रविवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लहरापुर और फफूंद में मेले का शुभारंभ कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह करेंगे।
एसीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि फरवरी से प्रत्येक रविवार को जिले के सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और एक नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेला शिविर आने वाले रविवार से शुरू किया जाएगा। खास बात यह कि मेले में एलोपैथी, आयुर्वेद व होम्योपैथी के चिकित्सक मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस मेले में दो चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक प्रयोगशाला सहायक, एक स्टाफ नर्स और एक स्वास्थ्य अधिकारी एवं एक कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर को तैनात किया जाएगा।
मेले का आयोजन चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा आयुष विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। मेले के क्रियाकलाप, अनुश्रवण एवं रिपोर्टिंग का दायित्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का होगा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक लगातार प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला की तैयारी पूरी कर ली गई है।