दिबियापुर (औरैया)। फफूंद रोड पर एक शादी समारोह में आए एक बराती की कार की चपेट में आने से वैनिश (7) की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। परिजनों ने उसे दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया है। हादसे के वक्त कार में ड्राइवर बैठा था। उसी दौरान अचानक एक्सीलेटर दब जाने से कार सड़क पर दौड़ पड़ी थी। इधर, पुलिस ने हादसे की जानकारी होने से इनकार किया है।
फफूंद रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में गुरुवार की रात जमुहां निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी थी। इसमें कुछ लोग कार से आए थे। शुक्रवार को सुबह विदाई के समय एक बराती की अपनी कार के ड्राइविंग सीट पर बैठा था। उसी दौरान अचानक उससे एक्सीलेटर दब गया और कार सड़क पर दौड़ पड़ी।
वहां सड़क पर खड़े रामबाग आगरा निवासी अजय का बेटे वैनिश और लाखन (27) कार की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों को परिजन दिबियापुर सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने वैनिश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, लाखन को गंभीर हालत में आगरा के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल एवं मृत बच्चे को लेकर आगरा चले गए। लाखन के दोनों पैरों में फ्रैक्चर होना बताया जा रहा है। इस बारे में दिबियापुर थाना प्रभारी निर्भय चंद्र का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं मिली है।