औरैया। गलत वैक्सीन लगाने का आरोप लगाकर एक युवक ने शुक्रवार दोपहर 50 शैया अस्पताल में हंगामा किया। खुद को भाजपा नेता बताते हुए सीएमएस से अभद्रता की। स्टाफ के समझाने पर वह मौके से चला गया।
50 शैया अस्पताल के वैक्सीनेशन केंद्र पर शुक्रवार दोपहर एक युवक अपनी बेटी को लेकर वैक्सीन लगवाने पहुंचा। वैक्सीन लगने के बाद युवक ने स्टाफ पर गलत वैक्सीन लगाने का आरोप लगाया। स्टाफ के समझाने के बाद भी वह नहीं माना और सीएमएस के कक्ष में पहुंच गया। युवक ने खुद को भाजपा नेता बताया। स्टाफ पर गलत वैक्सीन लगाने का आरोप लगाने लगा।
सीएमएस ने कंट्रोल रूम जाने की बात कही और समझाने का प्रयास किया तो वह उनसे अभद्रता करने लगा। शोर सुनकर स्टाफ एकत्र हो गया। भीड़ होने व स्टाफ के समझाने वह बच्ची को लेकर चला गया। सीएमएस डॉ. राजेश मोहन गुप्ता ने बताया कि एक युवक ने स्टाफ पर गलत वैक्सीन लगाने का आरोप लगा हंगामा किया है।
युवक के साथ आई बच्ची को वैक्सीन के बाद कोई समस्या नहीं हुई, वह स्वस्थ है। यह जानकारी कंट्रोल रूम के साथ ही उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. देव नरायन कटियार ने बताया कि एक शीशी में 20 बच्चों को वैक्सीन लगाई जा रही है। युवक द्वारा लगाए गए आरोप के संबंध में जांच की जाएगी। साथ ही वैक्सीनेशन केंद्र में मौजूद स्टाफ से इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। विभागीय जांच के बाद मामले में कुछ कहा जाएगा।