बेला (औरैया)। कस्बा स्थित एक कंप्यूटर सेंटर पर निशुल्क कोचिंग, स्कॉलरशिप की प्रवेश परीक्षा में कम अंक आने पर छात्रों ने आक्रोश जताया। रविवार को आक्रोशित छात्रों ने सेंटर के बाहर हंगामा किया। अपनी मार्कशीट में आग लगाकर नाराजगी जताई।
बेला कस्बे के बिधूना रोड स्थित एक कंप्यूटर सेंटर की ओर से 31 अक्तूबर को कस्बा स्थित एक कालेज में परीक्षा का आयोजन कराया गया था। जिसमें बच्चों को अच्छे अंक लाने पर मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा के साथ पांच सौ रुपये स्कॉलरशिप देने का प्रावधान था। जिसमें लगभग 250 से अधिक बच्चों ने भाग लिया था। एक सप्ताह बाद रविवार को परीक्षा का परिणाम परीक्षा केंद्र पर ही बताया गया। जिसमें कई छात्रों के कम नंबर आने पर उन्होंने हंगामा किया।
छात्र प्रशांत सेंगर, अंश यादव, श्यामजी, निषेक, कृष्णा सैनी, हिमांशु पाल, ऋषभ सैनी, मनीष, राजा यादव आदि ने बताया कि उन्होंने परीक्षा में जितने प्रश्न सही किए हैं। उस आधार पर उनके नंबर कम आए हैं। इस दौरान छात्रों ने सेंटर संचालक से उनकी परीक्षा की ओएमआर सीट व पेपर दिखाए जाने की मांग की, लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। जिससे आक्रोशित छात्रों ने अपनी मार्कशीट को वहीं पर जलाकर विरोध जताया। जिसके बाद आक्रोशित छात्रों को सेंटर संचालक ने समझाया व उन्हें उनकी परीक्षा कॉपी दिखाए जाने का आश्वासन भी दिया। जिससे छात्रों का गुस्सा शांत हुआ और वह अपने घर चले गए।