बिधूना। अछल्दा क्षेत्र के गांव रजुआमऊ में राजस्व निरीक्षक के साथ मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से खफा लेखपालों ने कलमबंद हड़ताल की और तहसील परिसर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। लेखपालों ने आरोपी ब्लाक प्रमुख समेत 19 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मंगलवार को लेखपाल उपशाखा बिधूना के तहसील अध्यक्ष व महामंत्री ने साथी लेखपालों के साथ उपजिलाधिकारी रामऔतार वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सभी तहसील परिसर में हड़ताल पर बैठ गए।
लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष योगेश कुमार शाक्य ने बताया कि तहसील के राजस्व निरीक्षक कृष्णकांत व लेखपाल कर्मचारियों के साथ गांव रजुआमऊ में अछल्दा ब्लाक प्रमुख शरद कुमार राना व उनके साथियों ने मारपीट की थी। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भी अछल्दा पुलिस ने अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं की।
कहा कि जब तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक सभी लेखपाल साथी अनिश्चितकालीन कमलबंद हड़ताल पर रहेंगे। उधर, ब्लाक प्रमुख शरद कुमार राना के पक्ष में ब्लाक अछल्दा क्षेत्र के प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी रमेश चंद को ज्ञापन देकर ग्राम समाज की जमीन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। चेतावनी भी दी कि निष्पक्ष जांच न हुई तो सभी प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य अनशन करने को बाध्य होंगे।