कस्बे के मेला ग्राउंड में पुलिस और एसओजी टीम ने छापामारी कर दो ट्रकों में लोड 103 बछड़ों को बरामद किया। पुलिस के अनुसार इनकों गुजरात कटने के लिए भेजा जा रहा था। मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसओजी टीम प्रभारी संतोष मिश्रा व सीओ बिधूना सुभाष अत्री ने सूचना मिलने पर सोमवार रात करीब एक बजे कस्बे के मेला ग्राउंड में छापामारी की। पुलिस ने दो ट्रक पकड़े। इनमें 103 बछड़ों को बरामद किया। पुलिस के अनुसार यह बछड़े कटने के लिए गुजरात जा रहे थे। पुलिस ने मौके से लईक थाना सिकंदरपुर मैनपुरी, शांतनु पुत्र मुंशी कुरावली मैनपुरी, राजू पुत्र रामसपूत नहर बाजार अछल्दा, देवेंद्र प्रताप पुत्र स्व. बाबू सिंह रजुआमऊ थाना अछल्दा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ट्रकों को थाने में खड़ा करा लिया।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार यह एक बड़ा गैंग है जो गैर प्रांतों में गोवंश को कटने के लिए भेज रहा है। एसओजी प्रभारी संतोष मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों को भी गिरफ्तारी की जाएगी। जल्द पूरे गैंग का खुलासा किया जाएगा।