औरैया। जिले के एडेड स्कूलों में शैक्षिक स्थिति व पठन-पाठन को लेकर शासन के निर्देश पर बीएसए ने स्कूलों का भौतिक सत्यापन शुरू कराया है। प्रबंधकों से लेकर शिक्षक व छात्र संख्या समेत तमाम बिंदुओं को जांच रिपोर्ट में शामिल किया गया है। 29 को पूरी रिपोर्ट तैयार हो जाने की उम्मीद है।
जिले में 46 एडेड स्कूल संचालित हैं। इन स्कूलों में तमाम तरह की अव्यवस्थाएं सामने आ चुकी हैं। कहीं स्कूल में शिक्षकों का अभाव है। महज लिपिक के सहारे स्कूल की संस्था को पोषित किया जा रहा है। खानापूर्ति के लिए छात्र नामांकन दर्शाकर संस्था चलाई जा रही हैं। कुछ स्कूल ऐसे हैं जहां शिक्षकों का अभाव है। वहीं कुछ स्कूलों में विवाद की स्थिति है।
इन स्कूलों की वास्तविकता को लेकर शासन स्तर से बीएसए अनिल कुमार को जांच करने के निर्देश दिए गए। 29 मई तक यह रिपोर्ट शासन को भेजी जानी है। इसे देखते हुए स्कूलों का भौतिक सत्यापन लगातार कराया जा रहा है। इसमें 15 बिंदुओं पर स्कूलों की स्थिति को निर्धारित किया जा रहा है। एक-एक स्कूल की हकीकत इस रिपोर्ट दर्ज होगी। बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि एडेड स्कूलों का भौतिक सत्यापन जारी है। निर्धारित समय के अंदर शासन को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।