दिबियापुर। आटो में सवारियां बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के सरगना समेत छह सदस्यों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।
फरवरी 2021 में दिबियापुर थाना पुलिस ने योजना बना रहे गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों सोनवीर निवासी बहादुरपुर ऊंचा अजीतमल, खेमराज उर्फ काकू निवासी कटरा मानेपुर स्थाई पता दिल्ली, दीपांशु उर्फ मोटा उर्फ दीपेंद्र सिंह निवासी किशनपुर अजीतमल, अंकित उर्फ लल्लू प्रसाद उर्फ लालू प्रसाद निवासी किशनपुर अजीतमल से आटो में यात्री के बैग से चुराए सोने व चांदी के गहने बरामद किए गए। मौके से
बब्लू निवासी बहादुरपुर ऊंचा अजीतमल, हिम्मत सिंह निवासी मिश्रीपुर औरैया भाग निकले थे। आटो में सवारियों को बैठाकर उनसे लूट करने के मामले में गैंग लीडर सोनवीर समेत सभी छह आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। बता दें कि पांच फरवरी 2021 को भूरे लाल (निवासी मुढ़ी खोयला फफूंद) अपने परिवार के साथ गोमती एक्सप्रेस से फफूंद रेलवे स्टेशन शाम छह बजे आए थे। आटो में उनके बैग से सोने, चांदी के जेवर चुरा लिए गए थे। इस मामले में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक विकास राय के अनुसार आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।