औरैया। दूसरी डोज के तीन माह बाद ही अब बूस्टर डोज लगेगी। अभी तक नौ माह पूरा होने पर ही बूस्टर डोज लगाई जा रही है। मतदान कर्मियों को भी शासन ने फ्रंटलाइन वर्कर की श्रेणी में शामिल किया है। स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीन की 13 हजार डोज सुरक्षित रख ली है।
फ्रंटलाइन वर्करों और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा रही है। इन लोगों के साथ ही विधान सभा चुनाव में लगने वाले मतदान कर्मी भी अब तीन माह में ही बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। अगर कोई मतदान कर्मी दूसरी डोज लगवाने के बाद भी कोरोना संक्रमित होता है तो उसे भी तीन माह के बाद ही बूस्टर डोज दी जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि मतदान स्थल पर मतदाताओं की भीड़ अधिक होने पर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
एसीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि शासन के निर्देश पर सभी फ्रंटलाइन वर्करों व 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को बूस्टर डोज लगवाई जा रही है। चुनाव को देखते हुए शासन ने मतदान कर्मियों को प्राथमिकता के आधार पर बूस्टर डोज लगाने के निर्देश दिए हैं। बताया कि इसके लिए सभी बूथों पर वैक्सीनेटर और नोडल अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
उन्हें जानकारी दी गई कि जिन कर्मियों की ड्यूटी मतदान में लगाई है, चाहे वह स्वास्थ्य, पुलिस, बैंक व राजस्व कर्मी या किसी भी विभाग के हों, उन्हें दूसरी डोज लगवाने की तिथि के तीन माह बाद ही बूस्टर डोज लगाई जाए। मतदान कर्मियों के लिए 13 हजार कोवैक्सीन की डोज सुरक्षित की गई हैं। जिले में अब तक 1849 स्वास्थ्य कर्मी व 2468 फ्रंटलाइन वर्कर वैक्सीन लगवा चुके हैं।