दिबियापुर । मथुरा स्थित एक प्लांट में कार लगवाने का झांसा देकर चार लोगों ने सौंधेमऊ निवासी युवक से चार लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शनि कुमार पुत्र रामचंद्र निवासी सौंधेमऊ ने आरोप लगाया कि जावेद अख्तर निवासी दहगांव 18 मार्च 2022 को घर आया। बताया कि कमालपुर के इतवारीलाल की बेटी अंजलि की शादी मथुरा में एक प्लांट में कार्यरत इंजीनियर से होने वाली है। इंजीनियर कंपनी में वाहनों का टेंडर पास करता है।
कंपनी के लिए कार खरीदने के नाम पर आरोपियों ने अलग-अलग तिथियों में चार लाख रुपये ले लिए। पांच जून तक कार नहीं आई तो जावेद अख्तर, अंजुलि, इतवारीलाल, इंद्रावती से संपर्क किया। गाड़ी न मिलने पर रुपए वापस करने का आश्वासन दिया।
19 जून को पीड़ित गांव के ही संजय पाल के साथ आरोपियों से मिला और रुपयों की मांग की। इस पर चारों आरोपी भड़क गए और गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही दुष्कर्म एवं एससी/एसटी का फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा का कहना है कि चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।