बिधूना (औरैया)। कोर्ट के आदेश पर बिधूना कोतवाली पुलिस ने मां समेत पांच लोगों के खिलाफ नवजात की हत्या करने का मामला दर्ज किया है। नवजात के पिता ने रिपोर्ट लिखवाई है।
कानपुर नगर में पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर कालोनी निवासी उमेश कुमार ने बताया कि उसकी शादी चार दिसंबर 2017 को बिधूना के नगरा पियरा गांव निवासी शशिप्रभा से हुई थी। वह हिमाचल प्रदेश में काम करता है और पत्नी को भी साथ ले गया था। वहां पर पत्नी गर्भवती हुई। आरोप है कि पत्नी गर्भपात कराना चाहती थी लेकिन वह उसे यह कृत्य नहीं करने दे रहा था। तीन माह बाद वह बीमारी का बहाना बनाकर हिमाचल प्रदेश से अपने भाई गौतम के साथ गांव चली आई।
पत्नी ने 14 नवंबर 2021 की देर रात बिधूना सीएचसी में बच्चे को जन्म दिया। जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो बच्चे से नहीं मिलने दिया गया। परिजन इसके बाद नगला पियरा ससुराल पहुंचे तो ससुराल के लोगों ने नवजात की मृत्यु होने की जानकारी दी। नवजात के शरीर पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। बकौल उमेश उसने बिधूना पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद उसने कोर्ट की मदद ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पत्नी शशिप्रभा, सास सुशीला देवी, साला गौतम सिंह और अनिल कुमार व सीता देवी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू करा दी गई है।