बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के सांवलिया गांव में झोपड़ी में रविवार सुबह आग लग गई। आग की चपेट में आने से झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने गांव के छह लोगों पर झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक घटना पुराने विवाद को लेकर हुई है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सांवलिया गांव निवासी रानू की झोपड़ी में रविवार सुबह संदिग्ध हालात में आग लग गई। देखते ही देखते ही पूरी झोपड़ी आग की लपटों से घिर गई। रानू के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक झोपड़ी व उसके अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया।
रानू का आरोप है कि गांव के छह लोगों ने एक युवक के कहने पर झोपड़ी में आग लगाई है। पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गए। उसने बिना डरे घटना की पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि मामला मैनपुरी से एक लड़की को ले जाने से संबंधित है। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।