आग लगने से दुकान से निकलता धुआं।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र में दिबियापुर रोड पर स्थित मोबाइल व घड़ी की एक दुकान में आग लग गई। इससे दुकान में रखा लाखों रुपये का माल राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नही चल सका है।
दिबियापुर रोड पर पुरानी कलेक्ट्रेट के बाहर स्थित पाठक घड़ी साज की दुकान पर बुधवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। सुबह करीब पांच बजे टहलने जा रहे व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष राजेश बाजपेई की नजर दुकान से उठ रहे धुएं पर पड़ी। उन्होंने तत्काल दुकान मालिक गोविंद पाठक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने जैसे ही ताला खोलकर शटर उठाया। आग धधक उठी। आग की लपटें दुकान के बाहर निकलने लगी। व्यापारी नेता राजेश बाजपेई ने बताया कि इस बीच उन्होंने कई बार फायर बिग्रेड का नंबर लगाया। लेकिन कई बार फोन लगाने के बाद फोन उठा। सूचना के करीब आधा घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई गई।
करीब दो घंटे के प्रयास के बाद फायर कर्मी आग पर काबू पा सके। आग लगने की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुकान मालिक व कर्मचारियों ने आग की चपेट में आने से बच गए सामान को अलग किया। इस संबंध में पीड़ित दुकान मालिक गोविंद पाठक ने कोतवाली पुलिस को 70 से 75 लाख रुपये का नुकसान होने की तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद से कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।