मुरादगंज। अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्कीपुर भगवानदास में शनिवार देर शाम शॉर्ट सर्किट से एक घर के बंद कमरे में आग लग गई। इससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
गांव निवासी रणवीर सिंह का परिवार घटना के समय मकान के बाहर चबूतरे पर बैठकर टेसू-झेंजी का कार्यक्रम देख रहा था। इसी दौरान कमरे से आग की लपटें उठने लगीं। जब तक परिवार को इसकी जानकारी हुई, तब तक कमरे में रखी कुर्सी, कपड़े, जेवरात समेत अन्य सामान जल चुका था। परिवार की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाई।
सूचना पर अयाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। तहसीलदार अविनाश ने बताया कि राजस्व कर्मी को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।