औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कखावतू गांव निवासी जसवंत के घर में मंगलवार शाम लगभग छह बजे बिजली की लाइन में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। इससे रखी गृहस्थी जलकर राख हो गई। घटना में एक साल का बच्चा हल्का झुलस गया।
जसवंत ने बताया कि घटना के समय घर में उसकी बहू व उसका एक साल का बेटा मौजूद था। आग लगते देख महिला ने चीखना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया। इस बच घर में रखा खाद्यान्न, जानवरों के लिए भरा भूसा के अलावा नकदी, कपड़े, बिस्तर आदि सभी सामान जलकर राख हो गया।
इस दौरान घर से बाहर निकलते समय एक वर्षीय मासूम भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। आग ने पड़ोस में रहने वाले हरीशंकर के घर के बाहर रखा छप्पर भी चपेट में ले लिया। जिससे छप्पर में आग धधकने से वहां बंधे मवेशी भी झुलस गए। ग्रामीणों ने बताया कि जसवंत बहुत ही गरीब है। उन्होंने जिला प्रशासन से गरीब किसान की मदद की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल भूपेंद्र राठी ने बताया कि आग लगने की जानकारी पर मौके पर पुलिस व फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। शार्ट सर्किट से आग लगना बताया गया है।