अजीतमल। आहत होकर आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में पिता, भाई समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शादी तय होने के बाद परिवार ने 10 लाख रुपये की मांग और की थी। इसका युवक ने विरोध किया तो उसे पीट दिया गया था। युवती ने पुलिस के सुनवाई न करने पर कोर्ट की शरण ली थी।
कोतवाली के एक गांव निवासी युवती की शादी सदर कोतवाली के गांव जनेतपुर निवासी सुंदर सिंह के बेटे महेंद्र उर्फ सोनू से तय हुई थी। शादी के पहले युवती से महेंद्र की बात होने लगी। दोनों मिलने लगे। दो माह बाद युवक के पिता सुंदर सिंह ने युवती के पिता से 10 लाख रुपये शादी में देने की मांग की। युवती के पिता ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने।
महेंद्र ने परिवार को समझाने का प्रयास किया तो उसे पीट दिया गया। इससे आहत होकर 11 अगस्त की रात महेंद्र राजपूत फंदे से लटक कर जान दे दी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। आत्महत्या के कारणों को जानने का प्रयास नहीं किया।
आरोपियों ने युवती और महेंद्र की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले में पीड़िता 11 सितंबर को एसपी से शिकायत की। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। कोतवाल ललितेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर सुंदर सिंह, बृजेंद्र, विनोद, उमा देवी, बेबी, सीता देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)