संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक का एटीएम कार्ड बदलकर टप्पेबाज ने खाते से पांच बार में 2.97 लाख रुपये पार कर दिए। पूरी घटना एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एटीएम से रुपये निकालने बेटा गया था। वहां रुपये न निकलने पर आरोपी ने एटीएम कार्ड साफ करने के बहाने बदल लिया। इसके बाद घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। साइबर पुलिस खाते से निकले गए रुपये को होल्ड करने का प्रयास कर रही है।
शहर के आवास विकास निवासी सेवानिवृत्त उप निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे उनका बेटा अमित कानपुर रोड पर स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। बूथ के अंदर पहले से एक युवक मौजूद था। जब अमित ने एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया तो नहीं निकले। इस पर पास खड़े युवक ने उसका एटीएम कार्ड साफ करने के बहाने से लिया और बदलकर उसे दूसरा एटीएम थमा दिया। इसके बाद युवक वहां से भाग गया।
अमित के काफी प्रयास के बाद भी रुपये नहीं निकले। इसके बाद वो घर चला गया। वहां देखा तो एटीएम बदला मिला। इसके बाद युवक बैंक शाखा पहुंचा और जांच कराई।
पता चला कि उसके खाते से पांच बार में 2.97 लाख रुपये निकाल लिए गए। खाता बंद कराने के बाद पीड़ित कोतवाली पुलिस पहुंचा। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है। पीड़ित को साइबर थाने भेजा गया है।