औरैया। मोहल्ला तिलकनगर में खाली कराई गई पालिका की जमीन पर नाला निर्माण को जबरन रुकवाने के मामले में तीन नामजद समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज गई है।
यह रिपोर्ट मंगलवार को ईओ ने सदर कोतवाली में दर्ज कराई है। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रामआसरे कमल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मोहल्ला तिलक नगर स्थित खानपुर की गाटा संख्या 294/1 की सरकारी भूमि पर कब्जा हुआ था।
कूटरचित दस्तावेज तैयार करके अनिल कुमार शुक्ला, प्रेम नारायन शुक्ला पुत्रगण रमेश चन्द्र शुक्ला व पवन कुमार शुक्ला ने इस पर कब्जा किया था। बताया कि प्रशासन द्वारा लगभग 200 करोड़ की जमीन खाली कराकर इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
खाली कराई गई सरकारी जमीन पर नाला निर्माण कराया जा रहा था। तभी आरोपी चार अज्ञात साथियों के साथ मौके पर धमके। इन लोगों ने कार्य में बाधा पहुंचाते हुए कर्मचारियों को जाति सूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।